NGT के आदेश की अवहेलना: MP के गृहमंत्री ने कहा पटाखों के लिए कोई समय- सीमा नहीं, हमारा त्यौहार है खूब धूमधाम से मनाएं
NGT का आदेश होगा लेकिन हम सबको उमंग उत्साह से त्योहार मानना है कोई समय सीमा नहीं है।
आपको बता दें कि देश में कई राज्यों में पटाखे जलाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है तो कई राज्यों में समय सीमा निर्धारित की गई है। वहीं बीते दिनों मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कहा है कि आतिशबाजी पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। दीपावली के दिन लोग पटाखे फोड़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान करते हुए कहा था कि मध्य प्रदेश खुशियों का प्रदेश है। यहां हम खुशियों पर कभी भी किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाते। प्रदेश में पटाखों पर प्रतिबंध नहीं है, लेकिन चीनी पटाखों पर प्रतिबंध जरूर है।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने राज्यों को दिया था आदेश
देशभर में वायु प्रदूषण के स्तर को देखते हुए एनजीटी ने कहा था कि जिन शहरों में हवा की गुणवत्ता सही है, वहां केवल ग्रीन पटाखों को ब्रिकी और इस्तेमाल किया जा सकते हैं। इसके लिए सिर्फ 2 घंटे का समय दिया गया है। यह छूट दिवाली, छठ पूजा, क्रिसमस और नए साल के लिए दी गई है। गौरतलब है कि दिल्ली सरकार पहले ही राजधानी में दिवाली पर पटाखों की ब्रिकी पर रोक लगा चुकी है।